Tuesday, 10 June 2014

मेरी दुनिया हुई गुलजार तेरे आने से .....

मेरी दुनिया हुई गुलजार तेरे आने से
इस चमन में आई बहार तेरे आने से
जज़्बों की जंग थी महज ज़िंदगी अब तलक
रूहानी हुआ मेरा रुखसार तेरे आने से ....
मुद्दतों से आस थी मुझे जिस बहार की
वो पल-भर में आ गयी सरकार के आने से
अब नहीं बाकी कोई ख़्वाहिश मेरे दिल में
सारे सपने हुए साकार तेरे आने से
मेरी दुनिया हुई गुलजार तेरे आने से ..... ॥ 

Sunday, 8 June 2014

इस जन्म भूमि के रक्षक हैं हम ....

इस धरती पर हमने जन्म लिया
 इस जन्म भूमि के रक्षक हैं हम
कह दो इस अमर धरा पर
बीज विषमता के बोने वालों से
यदि भक्षक हैं वो तो तक्षक हैं हम
किसी आततायी को हम इसमे
पैर न रखने देंगे
ये धरती ममता की वेदी है
इसके सीने में खंजर धसने न देंगे ।

इस धरती पर रहने वाला
हर मनुज हमारा भाई है
ललकारेगा कौन मनुजता को
किसकी शामत आई है ...!
जब तक प्राण हैं तन में तब-तक
बाल न बांका कोई कर सकता
ये हम जन-जन से कह देंगे
और पड़ी जरूरत तो
अपने लहू के हर कतरे से
हम जय भारत माता की लिखेंगे
जय भारत माता की लिखेंगे ... ॥

यह कर्म भूमि है हम रणधीरों की
झुके नहीं जो तोपों के आगे
यह भारत माता जननी है ऐसे वीरों की
इसका मान न जाने पाये
चाहे जान हमारी भले ही जाये
इसकी मर्यादा की खातिर
हम एक तो क्या -
सैकड़ों शीश न्योछावर कर देंगे
और पड़ी जरूरत तो
अपने लहू के हर कतरे से
हम जय भारत माता की लिखेंगे
जय भारत माता की लिखेंगे ... ॥

अंजलि पंडित ।
  


Thursday, 5 June 2014

मेरी अभिलाषा

शृंगार  नहीं अंगार लिखूँगी
रग-रग का लहू शोला बन जाए
ऐसी मैं हुंकार भरूँगी
शृंगार  नहीं अंगार लिखूँगी
हे आदिशक्ति ! माँ जगत भवानी
हे रणचंडी ! हे कल्याणी
दो आशीष आज मुझको
हर वहसी पर मैं वार करूंगी
टकराने को आयें मुझसे
एक साथ सहस्त्रों तूफा तो क्या
हर दावानल मैं पार करूंगी
अब शृंगार  नहीं अंगार लिखूँगी
मेरे भारत के माथे पर
जो चीत्कार लिखेगा
भोली मानवता के हिस्से में
करुण गुहार लिखेगा
उस नीच , अधम , अभिमानी के
हिस्से में मैं दुत्कार लिखूँगी
शृंगार  नहीं अंगार लिखूँगी
ममता-समता-निजता-प्रभुता
की रक्षा की खातिर
अब रण- थल में उतरूँगी मैं
परवाह नहीं मेरी अब मुझको
हर अन्यायी से मैं समर करूंगी
इस जीवन रण में -
बुझ जाएगा एक दिन मेरा जीवन  दीप
वह दिन होगा मेरी खातिर परम अनूप
वीर बहूटी सी मस्तक में धारूंगी मैं रोली
तीन रंग की चूनर ओढ़
विदा होगी जग से मेरी डोली
अपने तन-मन पर मैं
इस माटी का शृंगार करूंगी
अपने लहू के हर कतरे से
लिख जाऊँगी मैं जय भारत की
इस माटी के हर रज में रम
अपनी जननी का गुणगान करूंगी
प्राण भले जाएंगे मेरे
पर मैं मरकर भी नहीं मरूँगी ...
हाँ मैं शृंगार  नहीं अंगार लिखूँगी ॥

Sunday, 27 April 2014

हमे तो शौक है फकीरी का ..........

हमे तो शौक है फकीरी का
क्योंकि बादशाही की नुमाइश हम देख आए हैं ,
जहां लूटी जाती है सोहबत ज़िंदगी से
वो रहाइस हम देख आए हैं ,
आईने में भी खुद की शक्ल
देखकर करते हैं गीले यार वो
कि हमसे ही तो नूर है जमाने का
गर ऐसी सूरत दिखाता है तो
जरूर कुछ कमी इस आईने में ही है ,
गैरों के हिस्से का निवाला चुराकर
करते हैं दावे दरिया दिली के जो
उन तमंगरों की तंग दिली हम देख आए हैं ।
हमे तो शौक है फकीरी का.......

उन गैरतमंदों की तरह हमे
पल-पल सवरना नहीं आता ,
जिन बस्तियों में मयस्सर नहीं है रोशनी
उनके रोशनदानों की धूप चुराकर
खुद ही निखरना नहीं आता ,
मशहूर तो हो जाते अजी हम भी बहुत
पर क्या करें...........
हमें हर रोज नए चेहरे बदलना नहीं आता ,
लगे हुये हैं जो हर पल नकाबपोशी  में
उन मुखौटों के पीछे के चेहरे हम देख आए हैं ।
जहां लूटी जाती है .............
हमे तो शौक है ...........

उन शीशे के बने महलों से
जहां दफन हैं हजारों दिलों की आहें ,
मुझे मिला ये सिर छुपाने का
ठिकाना बहुत अच्छा है ,
नहीं है दौलत और शौहरत तो न सही
पर ये मेरा दिल तो
सोने की तरह खरा - सच्चा है ,
गैरों की खातिर जान देने के दावे
करते हैं जज्बे यार जो ,
उन रहनुमाओं की दरियादिली हम देख आए हैं ।
जहां लूटी जाती है .......
हमे तो शौक है फकीरी का
क्योंकि बादशाही की नुमाइश हम देख आए हैं ॥

अंजलि पंडित । 

Friday, 19 July 2013

ये कैसा भारत निर्माण.........!

कहते हैं वो..... कि भारत निर्माण हो रहा है .....
पर जरा कोई बताए मुझे कि क्या-.....

जन-मानस में व्याप्त कलुषता
प्रमाण है इस बात का कि
भारत निर्माण हो रहा है .......?
इस समाज में , हर परिमाण में
हर मन में बसी बेबसी ......
प्रमाण है इस बात का कि-
भारत निर्माण हो रहा है ....?

हर कोमल मन को
दिल से लेकर अंतःस्थल तक को
डसती गरीबी......
प्रमाण है इस बात का कि -
भारत निर्माण हो रहा है .....?

जिन रहनुमाओं को मिला ठेका
बेईमान पकड़ने का
बन न्याय के पहरेदार अन्याय से लड़ने का
उन हकीमो का बेईमान होना ही
प्रमाण है इस बात का कि-
भारत निर्माण हो रहा है ......?

चारों ओर भृष्टतंत्र का बोलबाला
अब नहीं होता मिलावट खोरों का मुह काला
लूट रहा है अवाम को
सत्ता का रखवाला .....
और गरीबों कि खातिर हर पल
सुरसा की  तरह मुंह फैलाती
मंहगाई की ज्वाला
प्रमाण है इस बात का कि -
भारत निर्माण हो रहा है ........?

अरे ओ ! भोले भारत की भोली जनता
अब तो जागो इस नींद  से ....
वरना सफेदपोश में बैठे
ये अन्तर्मन के काले लोग
छीन लेंगे आँखों से हर सपना ...
और दूर कर देंगे हर उम्मीद  से ......
अपना घर अब हमको स्वयं बचाना होगा
जिसमे अमन के फूल खिले
जिससे खुशहाली के बीज मिलें
ऐसी फसल लगाना होगा
वरना मचता रहेगा इसी तरह ह्रास-त्रास
होता रहेगा मानवता का परिहास
और कहते रहेंगे ये दलाल ......कि-
हो रहा भारत निर्माण .......
और हर  मन बेचैन हो
करता रहेगा  ये सवाल कि-
नोटों के उछलते हुये बंडल .....
और संसद में मचता बवाल ही
प्रमाण है इस बात का कि -
हो रहा भारत निर्माण .........!
ये कैसा भारत निर्माण ........?
ये कैसा भारत निर्माण.........?

अंजलि पंडित ।

Tuesday, 9 July 2013

किसकी चाहत में कितना दम है ......

कौन कमबख्त कहता है कि
हसरतें दिल की पूरी नहीं होतीं ......
तक़ाज़ा तो इस बात का है कि
किसकी चाहत में कितना दम है ...... 

हो जाए तब-तक न देर प्रिए .....

साकी बाला के अधरों पर
कितने ही मधुर अधर हों बलिहार ,
पर वो तो कुछ पल का ही
होता है खेल प्रिए......
ये तो सारे मनचले कीट-पतंगे हैं,
परवाना तो होता है बस एक प्रिए ....
तुझको भ्रम होगा कि ये सब
तेरे संग इतराने वाले तेरे साथी हैं ....!
ये तो सब मेले संग जाने वाले हैं ,
सूनापन बहलाने वाले से
मत आंखे फेर प्रिए.......
पूंछ जरा मेरे मेरे दिल से कि -
तुझे गैरों संग देख इसपे क्या गुजरती है ,
भरी भीड़ मे भी तन्हा रहता हूँ मैं
पर तेरी तो कटती है
महफिल में हर शाम प्रिए ......
हालांकि ये बात पता है मुझको कि -
तेरी बातों में न सही
पर तेरे ख्वाबों में मैं ही हूँ ,
मुझे कचोट बस इतनी है कि
जब तक तू मेरा मोल करे
हो जाए तब-तक न देर प्रिए .....